प्रेमी-प्रेमिका के फरार होने के बाद बवाल, लड़का पक्ष ने कहा – “हमारे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई”
खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड में एक प्रेम-प्रसंग ने अब खूनी खेल का रूप ले लिया है। प्रेमी-प्रेमिका के भागने के बाद प्रेमी के परिवार पर कहर टूट पड़ा है। प्रेमी की मां ने आरोप लगाया है कि प्रेमिका के परिजनों ने बदले की आग में जलकर उनके पति को अगवा कर लिया और उनकी हत्या कर दी हो सकती है।
घटना 11 फरवरी की रात की है, जब प्रेमी और प्रेमिका अचानक फरार हो गए। इस घटना के बाद प्रेमिका के घरवाले आग-बबूला हो गए और उन्होंने प्रेमी के परिजनों पर हमला बोल दिया। प्रेमी की मां के अनुसार, रात के अंधेरे में 30-35 हथियारबंद लोग उनके घर में घुसे, जातिसूचक गालियां दीं, मारपीट की और उनके पति को जबरदस्ती उठा ले गए। इस दौरान घर में लूटपाट भी की गई और कीमती सामान व नकदी उठा ले गए।
“हमारी जिंदगी से खेला जा रहा है, हमें जिंदा जलाने की धमकी दी गई”
प्रेमी की मां ने थाने में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि, “हमारे पति को जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले जाया गया और जब हमने विरोध किया तो हमें जान से मारने की धमकी दी गई। रातभर हमें डराया-धमकाया गया और कहा गया कि अगर हमने पुलिस को खबर दी, तो पूरे परिवार को जिंदा जला देंगे।”
इतना ही नहीं, प्रेमिका के परिवार ने लड़का पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेमिका की मां ने दावा किया कि उनके घर से लाखों रुपये के गहने, नकदी और महंगे कपड़े गायब हैं और उनकी बेटी को किडनैप कर लिया गया है। इसी को लेकर अलौली थाना कांड संख्या-66/25 दिनांक-12-02-2025 दर्ज किया गया है।
घर में घुसकर 6 भैंस उठा ले गए, महिलाओं को जलाने की धमकी
इस मामले में एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक अन्य पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि प्रेमिका के परिजनों ने जबरदस्ती उनके घर से 6 भैंस उठा ली और विरोध करने पर महिलाओं को मारा-पीटा और उनके शरीर पर तेल छिड़ककर आग लगाने की धमकी दी। इस घटना को लेकर अलौली थाना कांड संख्या-78/25 दिनांक-19-02-2025 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई
अब तक इस मामले में 1 नामजद और 2 अप्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनसे पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने कहा कि, “हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। यह सिर्फ प्रेम-प्रसंग का मामला नहीं लग रहा, इसके पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।”
क्या यह सिर्फ प्रेम-प्रसंग है या इसके पीछे छिपी है कोई गहरी साजिश?
इस घटना ने पूरे इलाके में खलबली मचा दी है। हर कोई यह जानना चाहता है कि क्या प्रेमी के पिता जिंदा हैं या उनकी हत्या कर दी गई है? पुलिस इस मामले को सुलझाने में जुटी है, लेकिन प्रेमी का परिवार अब तक सदमे में है और डर के साए में जी रहा है।
अब सवाल यह है कि क्या यह एक सुनियोजित षड्यंत्र है? क्या प्रेमी-प्रेमिका के फरार होने के पीछे कोई और बड़ी वजह थी? और सबसे बड़ा सवाल – प्रेमी के पिता कहां हैं? पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे मामले से पर्दा उठेगा।
रिपोर्ट: प्रवीण कुमार प्रियांशु, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 28
Users Yesterday : 24