शिक्षा और खेल जगत को अपूरणीय क्षति, हजारों शिष्यों ने दी अंतिम विदाई
बरारी, कटिहार। बरारी नगर पंचायत के वार्ड संख्या पांच निवासी एवं गणित के महान आचार्य श्री किशोर सिंह का 95 वर्ष की आयु में सोमवार रात असमयिक निधन हो गया। वे स्थानीय जागेश्वर उच्च विद्यालय, गुरुबाजार के सेवानिवृत्त शिक्षक थे। उनके निधन की खबर से पूरे प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े।
गणित और अंग्रेजी के अद्वितीय शिक्षक
स्वर्गीय किशोर सिंह ने अपनी शिक्षकीय सेवा की शुरुआत 1956 में उच्च विद्यालय, चापरहाट, कटरिया से की। इसके बाद उन्होंने 1960 से 1970 तक कलानंद उच्च विद्यालय, गढ़बनेली, पूर्णिया में अपनी सेवाएं दीं। 1970 में वे जागेश्वर उच्च विद्यालय में स्थानांतरित हुए, जहां 1995 तक विद्यार्थियों को शिक्षा देकर सेवानिवृत्त हुए।
शिष्यों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए डीएसपी वैदिक पाठक ने कहा, “वे सिर्फ एक गणितज्ञ नहीं, बल्कि एक महान अंग्रेजी शिक्षक और सच्चे मार्गदर्शक भी थे। आज उनके कई शिष्य ऊंचे पदों पर कार्यरत हैं और समाज व राष्ट्र का नाम रोशन कर रहे हैं।”
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, लक्ष्मीपुर ने उन्हें सिरोपा एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समाजसेवी विमल मालाकार ने कहा कि “वे शिक्षा जगत के सितारे होने के साथ-साथ फुटबॉल के महान खिलाड़ी भी थे, जिन्होंने बंगाल की मोहन बागान जैसी टीम को चुनौती दी थी।”
‘बरारी के आर्यभट्ट’ थे किशोर बाबू
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार कश्यप उर्फ हिटलर यादव ने कहा, “उनके निधन से शिक्षा और खेल दोनों ही क्षेत्रों को अपूरणीय क्षति हुई है।”
वहीं, उपमुख्य पार्षद अमन कुमार ने उन्हें “बरारी का आर्यभट्ट” बताते हुए कहा कि “उनकी गणित पढ़ाने की कला अद्वितीय थी। वे शिक्षा को सरल बनाने के साथ-साथ गरीबों को निःशुल्क पढ़ाने में विश्वास रखते थे। उनका योगदान शिक्षा और खेल दोनों ही क्षेत्रों में अमिट रहेगा।”
प्रबुद्धजनों ने प्रकट की संवेदना
उनके निधन पर विधान पार्षद प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती, पूर्व उपप्रमुख अमरेन्द्र सिंह संजु, पूर्व उपमुखिया सुजीत चौधरी, शिक्षाविद् भागवत भगत, ओमप्रकाश गुप्ता, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अजय भारती, सांसद प्रतिनिधि मिथिलेश सिंह, लक्ष्मीपुर गुरुद्वारा के प्रधान प्रदीप सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
किशोर सिंह की शिक्षण शैली, खेल में योगदान और समाजसेवा को हमेशा याद किया जाएगा। उनका जीवन शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 23
Users Yesterday : 32