खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत हरिणमार गांव में एक युवक ने पारिवारिक कलह से तंग आकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय मंकेश कुमार, पिता जगदीश साह के रूप में हुई है।
तनाव में था युवक, मानसिक रूप से हो गया था अस्वस्थ
मिली जानकारी के अनुसार, मंकेश कुमार का अपने परिवार से अक्सर विवाद होता रहता था। उसकी पत्नी से लगातार अनबन के चलते दोनों के बीच झगड़े होते थे। मृतक की मां भावी देवी ने बताया कि उनका बेटा गुस्से में अपनी पत्नी से मारपीट करता था, और जब उन्होंने उसे समझाने की कोशिश की, तो वह अपनी मां पर भी हाथ उठाने लगा।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ दिन पहले पत्नी अपने चार बच्चों को लेकर मायके चली गई और उसकी मां भी रिश्तेदार के घर चली गई। घर में अकेले रह रहे मंकेश कुमार पर इस तनाव का ऐसा असर पड़ा कि वह कभी-कभी अजीबोगरीब हरकतें करने लगा।
सुबह घर पहुंचे लोगों ने देखा दिल दहला देने वाला दृश्य
रविवार सुबह जब ग्रामीणों को संदेह हुआ तो उन्होंने घर के अंदर झांका, जहां मंकेश कुमार का शव पंखे से झूलता मिला। सूचना मिलते ही उसकी मां भावी देवी भी मौके पर पहुंचीं और बेटे की हालत देखकर दहाड़े मारकर रोने लगीं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मृतक के परिवार और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
संघर्ष से मत भागो, जिंदगी अनमोल है!
यह घटना एक चेतावनी है कि पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव से खुद को कमजोर नहीं करना चाहिए। जिंदगी में संघर्ष जरूरी है, लेकिन उसका समाधान आत्महत्या नहीं है। अगर आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो चुप न रहें, अपनों से बात करें, मदद लें।
याद रखें, हर परेशानी का हल होता है – बस धैर्य रखना जरूरी है!
रिपोर्ट: श्रवण आकाश, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"







Users Today : 29
Users Yesterday : 28