प्रेम प्रसंग बना संग्राम: दो जातियों में हिंसा, प्रेमी के पिता का अपहरण और गोलीबारी से सनसनी

रांची से बरामद हुई नाबालिग, प्रेमी गिरफ्तार, अपहृत पिता का अब तक कोई सुराग नहीं

रांची/खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में एक प्रेम प्रसंग ने जातीय हिंसा का रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी के गांव पर हमला बोल दिया, गोलीबारी की और प्रेमी के पिता का अपहरण कर लिया, जिनका अब तक कोई अता-पता नहीं है।

घटना की शुरुआत 11 फरवरी को हुई, जब खगड़िया जिले के अलौली बहादुरपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी अनिरुद्ध कुमार के साथ घर से भाग गई। लड़की की मां ने युवक के खिलाफ अपहरण और घर से गहने-नकदी चोरी का मामला दर्ज कराया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने रांची भागकर शादी कर ली थी। इसके बाद खगड़िया पुलिस ने रांची पुलिस की मदद से चुटिया थाना क्षेत्र से लड़की को बरामद कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बिहार पुलिस को सौंप दिया गया। लड़की ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से भागी थी और अनिरुद्ध से शादी कर चुकी है।

जातीय संघर्ष में बदला प्रेम प्रसंग, गोलीबारी और अपहरण
लड़की के परिवारवालों ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और प्रेमी के गांव में हमला कर दिया। इस दौरान जातीय आधार पर टकराव बढ़ गया, जिसमें लड़की के परिजनों द्वारा गोलीबारी किए जाने की भी खबर है। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रेमी पक्ष के कई लोग गांव छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।

इसी बीच, प्रेमी के पिता सिकेंद्र राम को हथियारबंद लोगों ने अगवा कर लिया। परिजनों को आशंका है कि उनकी हत्या कर दी गई है।

तीन गिरफ्तार, अपहृत व्यक्ति का अब तक कोई पता नहीं
इस मामले में पुलिस ने पूर्व मुखिया प्रतिनिधि दिनेश यादव, भोला यादव और मिथलेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अपहृत व्यक्ति की तलाश जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में तनाव फैला दिया है, वहीं पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रही है।

रिपोर्ट: प्रवीण कुमार प्रियांशु, दैनिक बिहार पत्रिका 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083663
Users Today : 29
Users Yesterday : 28