- हनुमान कुटी श्याम मंदिर में विराजे हैं श्याम बाबा, हनुमान जी और माँ नारायणी
- हर शुक्ल पक्ष की एकादशी पर होता है भव्य आयोजन, पाँच साल से जल रहा है अखंड दीप
खगड़िया। जिले के जमालपुर गोगरी के वार्ड नंबर 21 स्थित यूनियन बैंक के पास हनुमान कुटी श्याम मंदिर आज न सिर्फ स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र बन चुका है, बल्कि दूर-दराज़ से भी भक्तगण यहाँ दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर की ख्याति दिनोंदिन बढ़ती जा रही है और यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
मंदिर के निज पुजारी मुरारी पोलीवाला ने बताया कि इस परिसर में श्याम बाबा का भव्य मंदिर है, साथ ही हनुमान जी और माँ नारायणी का भी मंदिर स्थापित है। तीनों देवताओं की एक ही स्थान पर उपस्थिति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का कारण बनी हुई है।
मनोकामना पूर्ति के लिए होती है विशेष अर्चना
यहाँ आने वाले श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए माँ नारायणी को झाड़ू, नमक, साथ ही दो लड्डू और पाँच पेड़ा अर्पण करते हैं। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और लोगों का विश्वास है कि यहाँ सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलित होती है।
पाँच वर्षों से जल रहा अखंड दीप
मंदिर की विशेषता यह भी है कि यहाँ बीते पाँच वर्षों से अखंड दीप जल रहा है, जो श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। हर शुक्ल पक्ष की एकादशी को मंदिर परिसर में विशेष भजन-कीर्तन और भव्य आयोजन किए जाते हैं, जिसमें क्षेत्र के अलावा अन्य जिलों से भी श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं।
हनुमान कुटी श्याम मंदिर न सिर्फ धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बनता जा रहा है, बल्कि यह खगड़िया जिले में धार्मिक पर्यटन का केंद्र भी बन सकता है यदि इसे प्रशासनिक सहयोग प्राप्त हो।
रिपोर्ट: कृष्णा टेकरीवाल, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 23
Users Yesterday : 42