दैनिक बिहार पत्रिका, समस्तीपुर। समस्तीपुर में सिविल सर्जन आवास परिसर के पीछे अचानक लगी भीषण आग में तीन रिजेक्टेड एंबुलेंस जलकर राख हो गईं। आग में दो बड़ी और एक छोटी एंबुलेंस पूरी तरह खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और अग्निशमन दल ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना नगर थाना क्षेत्र के बारह पत्थर चौक के पास स्थित सिविल सर्जन आवास परिसर में हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे बारह पत्थर चौक पर चाय पी रहे थे, तभी सिविल सर्जन आवास से अचानक धुआं उठता देखा। कुछ ही पलों में आग की ऊंची-ऊंची लपटें दिखने लगीं।
सिविल सर्जन एस. के. चौधरी ने बताया कि घटना के समय वे आवास में ही थे। जैसे ही आग की लपटें देखीं, तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग लगने की सूचना पर अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया।
जिला सहायक अग्निशमन पदाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। सिविल सर्जन आवास के पास ही जिला अतिथि गृह और कर्पूरी सभागार स्थित हैं। इस आगजनी की घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट: रामरूप राय, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"







Users Today : 29
Users Yesterday : 28