त्रिवेणीगंज/सुपौल: रामनवमी पर्व पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर अनुमंडल प्रशासन अलर्ट मोड में है। होली और ईद शांति और सौहार्द के साथ बीतने के बाद अब प्रशासन की नजर रामनवमी शोभायात्रा पर है। शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) शंभू नाथ की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम शंभू नाथ ने त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की घोषणा की है। डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और बिना अनुमति कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा। शस्त्रों का प्रदर्शन भी वर्जित रहेगा।
सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी:
एसडीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक व भड़काऊ पोस्ट की सख्त निगरानी की जाएगी। किसी भी समुदाय विशेष के खिलाफ अभद्र या भड़काऊ टिप्पणी करने पर कड़ी कार्रवाई होगी। शोभायात्रा के दौरान किसी दूसरे समुदाय के खिलाफ नारेबाजी पर भी पाबंदी रहेगी।
शांति और सौहार्द का संदेश:
एसडीपीओ विपिन कुमार ने कहा कि शोभायात्रा में बजाए जाने वाले गानों की प्रति पहले से थाने में जमा करनी होगी। भड़काऊ गानों पर सख्त पाबंदी है। शोभायात्रा में माइकिंग के लिए बुद्धिजीवियों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और अधिकारियों ने समाज में भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विपिन कुमार, थाना अध्यक्ष त्रिवेणीगंज रामसेवक रावत, बीडीओ अभिनव भारती, अंचलाधिकारी प्रियंका सिंह, एमओ शुभम कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
प्रशासन की अपील:
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कोई भी पोस्ट साझा न करें।
रिपोर्ट: पप्पू आलम, दैनिक बिहार पत्रिका,सपौल
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 19
Users Yesterday : 42