सहरसा से भागलपुर जा रही थी बस, बेलदौर में हुआ हादसा, इलाके में मचा कोहराम
खगड़िया। एनएच-107 पर मंगलवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दर्जनभर यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेलदौर थाना क्षेत्र के बेलानौवाद चौक के पास हुआ, जहां सहरसा से भागलपुर जा रही शिवजी ट्रेवल्स की बस को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में बस कंडक्टर समेत दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान सहरसा जिले के धबौली गांव निवासी सुशील सिंह के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और अचानक आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस और ट्रक से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद एनएच पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बेलदौर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
ग्रामीणों की मांग – आरोपियों पर हो सख्त कार्रवाई
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मांग की है कि लापरवाह वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत इंसानी जानों से चुकाने की खौफनाक तस्वीर पेश कर गया है।
रिपोर्ट: कृष्णा टेकरीवाल, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"









Users Today : 25
Users Yesterday : 28