समस्तीपुर में बैंकिंग सेवा पर अपराधियों का हमला, इलाके में दहशत का माहौल
समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर बस्ती पूरब पंचायत के वार्ड संख्या 4 में सोमवार को दिनदहाड़े अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) को निशाना बनाते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। छह की संख्या में पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने सीएसपी से करीब 2.5 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में सीएसपी संचालक राजा प्रीतम ने बताया कि दोपहर के समय छह बदमाश हथियारों के साथ अचानक सेंटर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए पैसे वाले गल्ले की चाभी मांगी। स्थिति भांपते ही संचालक समेत सभी ग्राहक बाहर भाग निकले। इसी बीच अपराधियों ने गल्ले से नकदी निकाल ली और फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। सीएसपी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और सीएसपी संचालकों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
दैनिक बिहार पत्रिका | समस्तीपुर से रामरूप राय की रिपोर्ट
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"









Users Today : 25
Users Yesterday : 28