इजरायल-ईरान तनाव पर पीएम मोदी को दी गई ब्रीफिंग, नेतन्याहू बोले – ‘इजरायल के अस्तित्व पर खतरा’, भारत ने जताई चिंता

नई दिल्ली/तेल अवीव। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच अहम टेलीफोन वार्ता हुई। इस दौरान नेतन्याहू ने पीएम मोदी को ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियान और मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी ने इस मौके पर भारत की गहरी चिंता व्यक्त करते हुए क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने बातचीत के दौरान लगातार संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया में लिखा—
“इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने फोन कर मौजूदा हालात की जानकारी दी। मैंने भारत की चिंताओं को साझा किया और क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली की आवश्यकता पर जोर दिया।”

इधर, इजरायल ने शुक्रवार सुबह ईरान के नतांज परमाणु संयंत्र और तेहरान स्थित कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए। इस सैन्य कार्रवाई को इजरायली सेना ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ और ‘नेशन ऑफ लायंस’ नाम दिया है। नेतन्याहू ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्रवाई इजरायल के अस्तित्व को बचाने के लिए जरूरी थी। उन्होंने चेताया कि ईरान तीन वर्षों में 10,000 बैलिस्टिक मिसाइलों का निर्माण कर सकता है, जो छोटे से देश इजरायल के लिए असहनीय खतरा है।

नेतन्याहू ने यह भी दावा किया कि ईरान अब तक इतना उच्च संवर्धित यूरेनियम तैयार कर चुका है, जिससे वह नौ परमाणु बम बना सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक यह खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं होता, तब तक सैन्य ऑपरेशन जारी रहेगा। इस हमले में ईरान के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और परमाणु वैज्ञानिक मारे गए हैं।

तनाव के इस माहौल में भारत सरकार ने इजरायल में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया है। तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए ‘अर्जेंट एडवाइजरी’ जारी की है। इसमें नागरिकों को सतर्क रहने, गैर-जरूरी आवाजाही से बचने और स्थानीय सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

इजरायल ने हमलों के बाद पूरे देश में विशेष आपातकाल लागू कर दिया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस सैन्य अभियान से एक बड़े क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। भारत ने साफ किया है कि वह पश्चिम एशिया में किसी भी प्रकार की अस्थिरता को लेकर चिंतित है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करता है।

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

081713
Users Today : 14
Users Yesterday : 42