तेज रफ्तार बस से गिरकर वार्ड सदस्य गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल रेफर

बेलदौर में लापरवाह बस चालक की वजह से घटी घटना, ग्रामीणों में आक्रोश

रिपोर्ट: नैयर आलम, दैनिक बिहार पत्रिका

खगड़िया।बेलदौर प्रखंड अंतर्गत पनसलवा-बोबिल पीडब्ल्यूडी पथ पर मंगलवार दोपहर रोहियामा पुल के पास एक बस से गिरकर वार्ड सदस्य पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में उन्हें बेलदौर सीएससी में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डुमरी पंचायत के रोहियामा गांव निवासी वार्ड 17 की सदस्य पार्वती देवी बेलदौर प्रखंड कार्यालय से जनसमस्याओं का समाधान कर लौट रही थीं। वे एक अज्ञात बस पर सवार होकर गांव लौट रही थीं, लेकिन जैसे ही बस रोहियामा गांव के समीप पहुंची, उन्होंने बस रुकवाने का इशारा किया। बताया जा रहा है कि बस चालक तय समय से पीछे चल रहा था, इसलिए वह बस को तेज रफ्तार में भगाता रहा।

वार्ड सदस्य के शोर मचाने पर बस चालक ने थोड़ी दूर पर बस धीमी की। पार्वती देवी बस से उतरने की कोशिश कर ही रही थीं कि चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी, जिससे वे असंतुलित होकर गिर पड़ीं और पथ पर ही लुढ़क गईं। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल वार्ड सदस्य को बेलदौर सीएससी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पति राजेश पासवान ने बताया कि उनकी पत्नी की कमर में गंभीर चोट आई है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

डुमरी पंचायत की मुखिया डोली कुमारी और लोजपा नेता गौतम पासवान ने इस घटना पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बस चालकों की लापरवाही और ओवरटेक की होड़ के कारण गांवों में भी तेज रफ्तार से वाहन चलाए जा रहे हैं, जिससे जनजीवन असुरक्षित हो गया है। उन्होंने प्रशासन से दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद से इलाके में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने बसों की अनियमितता और लापरवाही के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083587
Users Today : 9
Users Yesterday : 25