मानसी नगर पंचायत के चकहुसैनी वार्ड में हुआ हादसा, समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने पर उठे स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया । जिले के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13, चकहुसैनी में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की जान चली गई, जबकि उसकी चाची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना तब हुई जब छत की कच्ची रेलिंग अचानक टूट गई और बच्चा चाची के साथ छत से नीचे जा गिरा। मृतक की पहचान रोहित कुमार के पुत्र तेजस कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला सरस्वती देवी, नीतीश कुमार की पत्नी और तेजस की चाची बताई गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सरस्वती देवी छत पर झिंगा की सब्जी तोड़ रही थीं और तेजस वहीं खेल रहा था। तभी अचानक रेलिंग भरभराकर गिर गई और दोनों नीचे जा गिरे। परिजनों ने तत्काल दोनों को मानसी पीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इस बीच अस्पताल में एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को निजी वाहन से सदर अस्पताल ले जाना पड़ा। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने तेजस को मृत घोषित कर दिया, जबकि सरस्वती देवी का इलाज चल रहा है।
घटना पर दुख जताते हुए मुख्य पार्षद प्रभा देवी और उनके प्रतिनिधि आयुष कुमार गोलू ने स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर एम्बुलेंस और डॉक्टर मौजूद होते तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। इस संबंध में मानसी पीएचसी के प्रभारी ने बताया कि घटना के समय अस्पताल की दोनों एम्बुलेंस पहले से ही क्षेत्र में तैनात थीं।
वहीं मानसी थानाध्यक्ष परेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"









Users Today : 8
Users Yesterday : 24