अधिकारियों को मिले निर्देश, श्रद्धालुओं को इस बार पहले से बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी
दैनिक बिहार पत्रिका, भागलपुर । जिले में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सुल्तानगंज गंगा घाट से लेकर कच्ची कांवरिया पथ तक का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का सख्त आदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस बार कांवरियों को पूर्व की अपेक्षा बेहतर सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। मौके पर सुल्तानगंज विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, नगर परिषद सभापति राजकुमार गुड्डू व उपसभापति नीलम देवी भी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने गंगा घाट और कांवरिया मार्ग से संबंधित समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
निरीक्षण दल में उप विकास आयुक्त प्रदीप सिंह, एसडीएम विकास कुमार समेत सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले।
गौरतलब है कि श्रावणी मेला इस वर्ष 7 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। देश-विदेश से लाखों कांवरिये सुल्तानगंज पहुंचते हैं और गंगा जल भरकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हैं। प्रशासन इस बार व्यवस्था को और अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने को लेकर सतर्क दिख रहा है।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 9
Users Yesterday : 25