एनएच 31 पर पसराहा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, बाल-बाल बचे कोच के यात्री, ड्राइवर मौके से फरार
खगड़िया। जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सतीशनगर-नारायणपुर बॉर्डर के समीप एनएच 31 पर शुक्रवार तड़के एक खड़ी कोच को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कोच सड़क से करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में जा पलटी। इस घटना में ट्रक का उपचालक ट्रक के केबिन में ही बुरी तरह फंसकर घायल हो गया।
वहीं कोच में सवार सभी यात्री किसी तरह मेन शीशा तोड़कर बाहर निकले और बाल-बाल बचे। पसराहा थाने की गश्ती पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से घायल उपचालक को बाहर निकाल कर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे की यह घटना है।
बताया गया कि उस समय एनएच 31 पर रोड मरम्मत का कार्य चल रहा था और रोड वन वे कर दिया गया था। इसी दौरान पटना से पूर्णिया जा रही कोच सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक ने उसे जबर्दस्त टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कोच असंतुलित होकर 20 फीट नीचे पलट गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इधर पसराहा थाना अध्यक्ष संजय कुमार विश्वास ने बताया कि खड़ी कोच को ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी, जिसमें ट्रक का उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घायल को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने कोच और ट्रक दोनों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं कोच के यात्रियों को दूसरी कोच के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेज दिया गया।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 9
Users Yesterday : 25