फोन पर मिली गालियां और धमकी, तीन युवकों के खिलाफ पत्रकार उमाकांत साह ने मांगी कार्रवाई
भैरोगंज (बांका)। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल उठ खड़ा हुआ है। दैनिक बिहार पत्रिका के रिपोर्टर उमाकांत साह को खबर संकलन के दौरान आंगनबाड़ी सेवाओं की अनियमितताओं को उजागर करने की कीमत अब जान से मारने की धमकी के रूप में चुकानी पड़ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमाकांत साह (उम्र 55), जो कि मूल रूप से ग्राम कुसुमजोरी के निवासी हैं और वर्तमान में भैरोगंज, थाना आनंदपुर जिला बांका में रहते हैं, दिनांक 29 जुलाई 2025 को सूचना मिलने पर उतरी बारने पंचायत के नावाडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 45 पर खबर संकलन के लिए पहुंचे थे। वहां ड्यूटी पर मौजूद सेविका रूबी कुमारी बिना ड्रेस कोड के उपस्थित थीं और केंद्र पर महज पाँच बच्चे मौजूद थे। जब रिपोर्टर ने मोबाइल से तस्वीरें खींचीं और वीडियो रिकॉर्ड किया, तो सेविका ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह हमारा केंद्र है, जैसे चाहें वैसे चलाएं, आपको क्या लेना-देना?” इसके बाद पत्रकार ने उक्त वीडियो ICDS कार्यालय के बड़े बाबू राज कमल को भेजा और सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
इसी वीडियो को लेकर मामला तूल पकड़ गया और 2 अगस्त की रात लगभग 10 बजे रिपोर्टर उमाकांत साह को मोबाइल नंबर 7667536210 से कॉल कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। कॉल करने वाले की पहचान रूपेश कुमार, पिता स्व. शंकर यादव, ग्राम दिग्घीवारी (महथाडीह), थाना आनंदपुर, बांका के रूप में की गई है। रिपोर्टर के अनुसार, जब उन्होंने कॉल काट दिया, तो उन्हें 8296574174 और 8992207887 नंबरों से भी कॉल आने लगे, जिससे वे भयभीत हो गए। कॉल की जांच में सामने आया कि रूपेश कुमार के साथ गांव के ही सोनू कुमार और नितीश कुमार (पिता अज्ञात) भी जुड़े हुए हैं, जो अक्सर साथ रहते हैं।
पत्रकार उमाकांत साह ने इस संबंध में आनंदपुर थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी बताया कि तीनों युवक उद्दंड प्रवृत्ति के हैं और भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस मामले ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। उमाकांत साह ने स्पष्ट किया है कि वे पत्रकारिता के दायित्व का निर्वाह कर रहे थे, न कि किसी व्यक्तिगत रंजिश का हिस्सा थे। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है और पत्रकारों की स्वतंत्रता तथा सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में क्या कदम उठाए जाते हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 28
Users Yesterday : 24