निगम बोध घाट जलमग्न, हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
दैनिक बिहार पत्रिका, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। शुक्रवार सुबह पुराने रेलवे ब्रिज पर जलस्तर 207.31 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 204.50 मीटर और खतरे के निशान 205.33 मीटर से काफी ऊपर है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार शुक्रवार रात 8 बजे तक जलस्तर 207.15 मीटर तक पहुंच सकता है और उसके बाद धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि जुलाई 2023 में यमुना का उच्चतम स्तर 208.66 मीटर दर्ज किया गया था।
हथिनीकुंड बैराज से 1,08,232 क्यूसेक, वजीराबाद बैराज से 1,74,150 क्यूसेक और ओखला बैराज से 2,44,478 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। बढ़ते पानी के कारण निगम बोध घाट पूरी तरह डूब गया है, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी गई है। एमसीडी कर्मी जलनिकासी में जुटे हैं और घाट पर कार्य करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि जलस्तर घटने के बाद ही दाह-संस्कार दोबारा शुरू हो सकेगा।
भारी जलजमाव से यमुना बाजार और आसपास के इलाके प्रभावित हैं। दिल्ली सचिवालय के पास डबल लाइन सड़क और इंदिरा गांधी स्टेडियम गेट नंबर 5 की ओर जाने वाली सड़क भी पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है।
प्रशासन ने मजनू का टीला, गीता कॉलोनी, मयूर विहार, सिविल लाइंस और यमुना बाजार क्षेत्र से अब तक 12 से 14 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रभावित इलाकों यमुना खादर, गीता कॉलोनी और मयूर विहार में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। दिल्ली सरकार और एमसीडी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य तेज़ी से जारी है।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 16
Users Yesterday : 35