मोबाइल छीनकर फोटो-वीडियो डिलीट, पत्रकारों में आक्रोश; एफआईआर व आंदोलन की चेतावनी
खगड़िया/गोगरी। गोगरी एसडीओ प्रद्युम्न सिंह यादव का पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार अब बड़े बवाल में बदल चुका है। सोमवार को कवरेज के दौरान पत्रकारों को धमकाने, मोबाइल छीनकर फोटो-वीडियो डिलीट कराने और बाहर खदेड़ने की घटना से मीडिया जगत उबाल पर है।
बुधवार को श्रमजीवी पत्रकार यूनियन खगड़िया के जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में शिष्टमंडल डीएम से मिला और एसडीओ पर कठोर कार्रवाई की मांग की। शिष्टमंडल में शशि कुमार, सिकंदर वक्त आजाद समेत कई वरिष्ठ पत्रकार शामिल रहे। ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया।
इस घटना के बाद पत्रकारों की आपात बैठक अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें अजय सिंह, भवेश सिंह, राकेश सिंह, नैयर आलम, गुरूदेव गुप्ता समेत दर्जनों पत्रकारों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बेलदौर थाना में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और इसकी लिखित शिकायत जिला प्रशासन, कमिश्नर, राज्य सरकार व मानवाधिकार आयोग तक भेजी जाएगी।
पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि एसडीओ पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। फिलहाल गोगरी से लेकर पूरे जिले में यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है और प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 5
Users Yesterday : 21