ग्रामीणों ने दुकानदार पर राशन बाजार में बेचने का आरोप, एसडीएम ने जांच रिपोर्ट मांगी
कैमूर। एक ओर केंद्र और राज्य सरकार गरीबों को 5 किलो मुफ्त राशन देने की योजना का बखान करती है, वहीं चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के बियुर मानपुर में जनवितरण प्रणाली की पोल खुल गई है। यहां के ग्रामीणों ने पीडीएस दुकानदार चंदा देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वे लोगों को पूरा राशन नहीं देतीं और उसे अवैध रूप से बाजार में बेच देती हैं।
मुढ़ी गांव निवासी एवं बीस सूत्री चैनपुर के जिला सचिव सुमित कुमार पटेल ने इस मामले को जिलाधिकारी के संज्ञान में लाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। डीएम ने तत्काल भभुआ एसडीएम अमित कुमार को जांच का जिम्मा सौंपा।
जांच के दौरान गोदाम से 115 किलो राशन कम पाया गया, जिसकी पुष्टि होते ही कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसडीएम ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि कई कार्डधारियों को राशन ही नहीं मिलता, वहीं कुछ को राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों की संख्या से कम अनाज दिया जाता है। लोगों ने कहा कि सरकारी योजना का लाभ उन्हें मिलना चाहिए, लेकिन दुकानदार की मनमानी से वे वंचित रह जाते हैं।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 5
Users Yesterday : 21