शराब और अपराध के खिलाफ कड़ा एक्शन, सैकड़ों अपराधी भेजे जेल — अब होंगे मधेपुरा के शंकरपुर थाना अध्यक्ष
सुपौल। कहा जाता है कि ट्रांसफर सरकारी सेवा का हिस्सा है, लेकिन कुछ अधिकारी ऐसे होते हैं जिनका तबादला केवल एक प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि जनभावनाओं से जुड़ा क्षण बन जाता है। जदिया थाना अध्यक्ष राजीव कुमार का तबादला भी ऐसा ही एक पल बन गया है।
राजीव कुमार के अचानक तबादले की खबर से पूरे जदिया क्षेत्र में मायूसी छा गई है। तीन वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने न सिर्फ अपराध पर नकेल कसी, बल्कि लोगों के दिलों में भी जगह बना ली। खाकी की रौबीली छवि से अलग, उन्होंने एक संवेदनशील और जनता से जुड़े अधिकारी की मिसाल पेश की।
अपने कार्यकाल में राजीव कुमार ने 24 अवैध हथियार, 10 अर्धनिर्मित हथियार, दो दर्जन से अधिक कारतूस बरामद किए, आर्म्स एक्ट के तहत 54 गिरफ्तारियां कीं, और एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्वेदन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने दो ट्रक शराब जब्त की और जिले में शराब माफियाओं व अपराधियों की कमर तोड़ दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजीव कुमार अपराधियों और शराब कारोबारियों के लिए काल बन गए थे। उनका नाम सुनते ही असामाजिक तत्व थर-थर कांपने लगते थे। फिर भी आम जनता के लिए वे हमेशा सुलभ और सहयोगी अधिकारी रहे। किसी की भी समस्या हो, वे स्वयं थाने में बैठकर समाधान करते थे।
स्कूल-कॉलेजों के कार्यक्रमों में वे अक्सर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर युवाओं को प्रेरित करते थे। अपनी ओजस्वी वाणी और सख्त लेकिन न्यायपूर्ण व्यवहार से उन्होंने हर वर्ग का दिल जीता।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जदिया ने उनके जैसा थाना अध्यक्ष न पहले कभी देखा, न शायद भविष्य में देख पाए। उनके जाने से लोग दुखी हैं, लेकिन गर्व भी है कि इतने समर्पित अधिकारी ने क्षेत्र की सेवा की।
अब राजीव कुमार को मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना अध्यक्ष के रूप में पदस्थापित किया गया है, जबकि जदिया के नए थाना अध्यक्ष नंदकिशोर नंदन होंगे।
जनता की नजरें अब नए थाना अध्यक्ष पर टिकी हैं — क्या वे राजीव कुमार की ईमानदारी और सख्ती की विरासत को आगे बढ़ा पाएंगे?
रिपोर्ट— दैनिक बिहार पत्रिका, सुपौल
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"









Users Today : 25
Users Yesterday : 28