एसपी राकेश कुमार बोले — चुनाव में गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं, हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर
खगड़िया। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर जिले में चल रही सघन निगरानी और जांच अभियान के तहत पुलिस और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के दो अलग-अलग चेकपोस्टों पर वाहन जांच के दौरान कुल 3.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
पहली कार्रवाई मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित हीरा टोल चेकपोस्ट पर की गई, जहां फ्लाइंग स्क्वॉड मजिस्ट्रेट राहुल सिंह और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक स्कॉर्पियो वाहन से 1 लाख रुपये नकद बरामद किए।
दूसरी कार्रवाई नगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां एफएसटी और एसएसटी टीम की संयुक्त छापेमारी में 2.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ जारी है और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पूरे जिले में हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सभी चेकपोस्ट सक्रिय हैं और प्रत्येक वाहन की गहन जांच की जा रही है ताकि चुनाव में किसी तरह की अवैध गतिविधि या धन का दुरुपयोग न हो सके।
उन्होंने कहा —
“संदिग्ध नकदी, अवैध सामग्री या चुनाव को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व पर सीधी नजर है। हमारा उद्देश्य चुनाव को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराना है।”
एसपी ने आगे बताया कि जिले में वर्तमान में 48 स्टैटिक सर्विलांस टीमें, 12 फ्लाइंग स्क्वॉड, 21 बॉर्डर सीलिंग प्वाइंट, 20 नदी गश्ती बिंदु, 38 चेकपोस्ट और 38 दियारा गश्ती स्थल सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। प्रत्येक चेकपोस्ट पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही लॉजिस्टिक संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज के नकदी या अन्य संदिग्ध वस्तु ले जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस की बड़ी पहल मानी जा रही है।
रिपोर्ट— दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 34
Users Yesterday : 55