अधिकारी करेंगे सेक्टरों का नियमित भ्रमण, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान पर दिया गया विशेष जोर
खगड़िया। आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर रविवार को खगड़िया में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) धनंजय कुमार की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सभी सेक्टर और पुलिस सेक्टर पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर विशेष बल दिया गया। एसडीओ धनंजय कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने सेक्टरों का नियमित भ्रमण करें और मतदान केंद्रों की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशीलता, परिवहन व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते रहें।
उन्होंने कहा कि चुनाव पूर्व सभी तैयारियाँ समय पर पूरी होनी चाहिए और अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे। एसडीओ ने आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन, मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इस मौके पर जिले के सभी थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), नोडल अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई और जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया गया।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 1
Users Yesterday : 32