मुर्गी फार्म में चल रही अवैध शराबखोरी पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी सुमन यादव पर हत्या और आर्म्स एक्ट के पुराने मामले भी दर्ज
भागलपुर। शराब बिक्री और नाजायज जमघट पर कार्रवाई करने पहुंची ललमटिया थाना पुलिस पर नसरतखानी इलाके में बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। देर रात लीची बगीचा के पीछे स्थित एक मुर्गी फार्म में शराब पी रहे बदमाशों ने पुलिस को घेरकर मारपीट की, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया जाता है कि पुलिस कर्मियों को दांत तक काट लिए गए और लोहे जैसी किसी वस्तु से वार कर उनके सिर तक फोड़ दिए गए।
सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, उस समय मात्र चार पुलिसकर्मी थे, जबकि बदमाशों की संख्या आठ बताई जा रही है। जैसे ही पुलिस ने शराब पी रहे लोगों को पकड़ने की कोशिश की, बदमाशों ने एकजुट होकर हमला कर दिया और पकड़े गए आरोपियों को छुड़ा लिया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दो बदमाशों को दो बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसरतखानी नेताजी कॉलोनी निवासी सुमन यादव और मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र के कुमार गौरव के रूप में की गई है। अन्य तीन बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे।
गिरफ्तार सुमन यादव वर्ष 2022 में ललमटिया इलाके में खगड़िया के युवक की हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त रह चुका है। साथ ही उसके खिलाफ वर्ष 2023 में रामगढ़ थाना में आर्म्स एक्ट का केस भी दर्ज है। जानकारी के अनुसार, घटना स्थल पर कुछ बदमाशों के पास हथियार भी थे, लेकिन पुलिस को हथियार बरामद करने में सफलता नहीं मिली।
ललमटिया थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि “शराब बिक्री और पीने की सूचना पर टीम कार्रवाई के लिए गई थी। इसी दौरान पुलिस पर हमला कर दिया गया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। दो बदमाशों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें से एक हत्या व आर्म्स एक्ट का आरोपी है। घटना में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।”
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, भागलपुर
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"









Users Today : 25
Users Yesterday : 28