एसपी ने कहा घटना में शामिल अपराधी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे
सुपौल। जिले की सुपौल पुलिस को मिली बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में बीते 26 नवंबर को हुए गोलीकांड का जल्द पर्दाफाश कर घटना शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से देसी पिस्टल, कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 62 हजार रुपये बरामद किए हैं. हैरानी की बात यह है कि इस मामले में तब सनसनी फैला दी जब पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जिस व्यक्ति को अपराधियों ने गोली मारी, उस हमले की सुपारी खुद उसकी पत्नी ने अपने पुराने आशिक के साथ मिलकर दिलाई थी.
घटना के संबंध में एसपी सारथ आर एस ने बताया कि 26 नवंबर को यह घटना उस समय घटी थी, जब महेशपुरा निवासी शशिरंजन जायसवाल लाल पट्टी गांव से भोज खाकर अपने गांव महेशुआ लौट रहा था. महेशुआ चौक के समीप मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर डीएसपी त्रिवेणीगंज बिभाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचनाओं के आधार पर सबसे पहले मधेपुरा जिले के घैलाढ निवासी ब्रजेश कुमार को हिरासत में लिया.
सख्ती से पूछताछ में उसने पूरे राज से पर्दा उठा दिया. ब्रजेश ने कबूल किया कि घायल शशिरंजन जयसवाल की पत्नी सोनी कुमारी से उसका पूर्व से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था. प्रेमिका के कहने पर ही उन्होंने उनके पति को मरवाने का षड्यंत्र रचा. इसके लिए उन्होंने दो शूटरों को तैयार किया तथा उनसे डेढ़ लाख रुपये में सौदा पक्का किया. ब्रजेश के निशानदेही पर पुलिस ने मधेपुरा जिले के भान गांव निवासी रुपेश कुमार और भान टेकठी निवासी सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया. सुभाष की निशानदेही पर पुलिस ने कांड में प्रयुक्त देसी पिस्टल और देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल ,पांच मोबाइल तथा 62,000 रुपये बरामद कर लिया. जब पुलिस ने घायल की पत्नी से पूछताछ की तो उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका ब्रजेश से प्रेम-प्रसंग था. इसके कारण दोनो में बराबर बातचीत होती थी. पुलिस के पूछताछ में सोनी ने घटना को अंजाम दिलाने में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. इसके बाद उसे भी विधिवत गिरफ्तारी में ले लिया गया. एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है.
एसपी ने बताया कि इस कांड के उद्भेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी त्रिवेणीगंज विभाष कुमार, त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ,जदिया थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन, राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार ,पुलिस अवर निरीक्षक लवली कुमारी, पीटीसी जिलानी टेलर, डीआईयू टीम ने बेहतर काम किया है. फिलहाल घायल शशि रंजन जायसवाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट: पप्पू आलम, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 33
Users Yesterday : 55