संसारपुर वार्ड 38 में अतिक्रमण हावी, स्वतंत्रता सेनानी के घर तक जाने वाली सड़क गायब

स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय ब्रह्मदेव चौधरी के घर तक जाने वाली सड़क गायब… पांच बीघा का पोखर भी ‘निगल’ गए बिचौलिये!

खगड़िया। नगर परिषद क्षेत्र के संसारपुर वार्ड संख्या 38 में अतिक्रमण का विस्तार इतना गंभीर हो चुका है कि सरकारी नक्शे में दर्ज सड़क और पोखर अब जमीन पर कहीं दिखाई नहीं देते। स्वर्गीय ब्रह्मदेव चौधरी के घर तक जाने वाली पक्की सड़क भी पूरी तरह अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह वही ब्रह्मदेव चौधरी हैं, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए 14 वर्ष का आजीवन कारावास काटा था, जबकि उनके साथी महेंद्र चौधरी को फांसी की सजा दी गई थी। आज वही परिवार अपने घर तक पहुंचने के लिए मूलभूत सुविधा के अभाव से जूझ रहा है।

परिजनों का कहना है कि जिला प्रशासन से लेकर नगर परिषद तक कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन किसी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क के दक्षिण स्थित धोबिया पोखर, जो कभी पांच बीघा से अधिक क्षेत्र में फैला था, अब बिचौलियों के कब्जे में दिखाई देता है। पोखर पर बगीचे जैसी संरचनाएं खड़ी कर अतिक्रमण को वैध ठहराने की कोशिश भी जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि मौके पर अधिकारी ईमानदार सर्वे करें, तो सड़क, नाला और पोखर सभी स्पष्ट दिख जाएंगे, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति होती है।

वार्ड 38 के अधिकतर परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और कब्जाधारियों के डर से आवाज़ तक नहीं उठा पा रहे। सवाल यह है कि जब नगर परिषद के आधिकारिक नक्शे में सड़क और पोखर स्पष्ट दर्ज हैं, तो फिर मौके पर उनकी मौजूदगी को देखने से अधिकारी क्यों चूक जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन चाहे तो सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर किसी भी सार्वजनिक कार्य की शुरुआत कर सकता है, जिससे क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से अपील की है कि वे व्यक्तिगत रूप से स्थल निरीक्षण कर मामले की गंभीरता को समझें तथा वार्ड 38 में व्याप्त अतिक्रमण को तत्काल हटाने की पहल करें। उनका कहना है कि संसारपुर की मौजूदा नारकीय स्थिति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है और यह स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के साथ भी अन्याय है।

रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

081030
Users Today : 33
Users Yesterday : 55