Khagaria News: जमीन का कागजात नहीं दिखाने पर बैरंग लौटे अंचल अमीन

सीओ के आदेश पर पैमाइश को पहुंचे थे अमीन, विवादित भूमि पर निर्माण को लेकर बढ़ा मामला

Khagaria News, बेलदौर — अंचलाधिकारी (सीओ) के आदेश पर विवादित जमीन की पैमाइश करने पहुंचे अंचल अमीन को प्रतिवादी द्वारा जमीन का केवाला (कागजात) प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण बैरंग ही वापस लौटना पड़ा। मामला बेलदौर थाना क्षेत्र के दिघौन गांव से जुड़ा हुआ है।

जानकारी के अनुसार दिघौन गांव निवासी मु. मसकूर एवं मु. शोहराव ने सीओ को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि स्कूल जाने वाली सार्वजनिक सड़क की जमीन पर अतिक्रमण कर पक्का मकान का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुए दोनों पक्षों को साप्ताहिक जनता दरबार में बुलाया था।

जनता दरबार में वादी पक्ष ने बताया कि प्रतिवादी का केवाला न्यायालय द्वारा पहले ही रद्द किया जा चुका है, जबकि दूसरे पक्ष के मु. शोएब ने अपने पास केवाला होने की बात कही थी। इसी के आलोक में सीओ ने शनिवार को अंचल अमीन को स्थल पर भेजकर विवादित जमीन की पैमाइश कराने का आदेश दिया।

स्थल पर वादी पक्ष द्वारा जमीन का केवाला प्रस्तुत किया गया, लेकिन प्रतिवादी द्वारा अंचल अमीन के समक्ष कोई भी कागजात नहीं दिखाया गया। इसके कारण अंचल अमीन को बिना पैमाइश किए ही वापस लौटना पड़ा।
वादी पक्ष का कहना है कि उनके पूर्वजों ने मुख्य सड़क से प्राथमिक विद्यालय उर्दू दिघौन तक आने-जाने के लिए एक कट्ठा तीन धूर जमीन केवाला कर खरीदी थी। इसी जमीन पर गांव के ही मु. रऊफ समेत चार लोगों को नामजद आरोपित बनाते हुए अतिक्रमण कर पक्का मकान निर्माण कराया जा रहा है। यदि अतिक्रमण पर शीघ्र रोक नहीं लगी तो भविष्य में स्कूल तक चार पहिया वाहनों का पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। साथ ही इसी रास्ते से होकर लगभग दो दर्जन से अधिक परिवारों का आवागमन भी होता है।

इस संबंध में सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। दोनों पक्षों के कागजातों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

रिपोर्ट: नैयर आलम, दैनिक बिहार पत्रिका 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083788
Users Today : 13
Users Yesterday : 25