स्वामी कृपानंद बाबा ने सत्संग की महिमा बताई, मानव जीवन को सार्थक बनाने का दिया संदेश
दैनिक बिहार पत्रिका डिजिटल, खगड़िया — जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत सौढ़ उत्तरी पंचायत के बुद्धनगर भरतखण्ड गांव में जयप्रकाश यादव की धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती राधा देवी के श्राद्ध कार्यक्रम के अवसर पर संतमत सत्संग का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर रामचरितमानस का पाठ मंटू यादव द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने किया। सत्संग में महर्षि मेही आश्रम, पसराहा से पधारे संत स्वामी कृपानंद बाबा ने प्रवचन देते हुए कहा कि भगवान से सच्चा स्नेह सद्गुरु महाराज की शरण में जाने से प्राप्त होता है। सद्गुरु की शरण तभी मिलती है जब श्रद्धापूर्वक सत्संग में भाग लिया जाए।

स्वामी कृपानंद बाबा ने कहा कि जिस कार्य में श्रद्धा होती है, वही सफल होता है। उन्होंने सत्संग की महिमा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिस स्थान पर सत्संग होता है, वह स्थान पवित्र हो जाता है और जो भक्त सत्संग में भाग लेते हैं, वे भवसागर से पार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने मानव को यह शरीर पूर्व जन्मों की कठिन तपस्या के फलस्वरूप दिया है, इसलिए मनुष्य को अपना जीवन व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए।

मंच संचालन करते हुए शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने कहा कि जिस प्रकार सरोवर में स्नान करने से पहले काई हटानी पड़ती है, उसी प्रकार मन की अशुद्धियों को हटाने पर ही प्रभु की परछाईं मन पर पड़ती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को दैनिक कार्यों में व्यस्त रहते हुए भी समय निकालकर सत्संग करना चाहिए, जिससे मन को आत्मिक सुख और शांति मिलती है। श्रद्धापूर्वक सत्संग में भाग लेने से मनुष्य का जीवन सफल और कल्याणकारी बनता है।
कपिलदेव यादव एवं रामप्रसाद यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों की शरण में जाकर ही मनुष्य को ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग मिलता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सत्संग में शामिल होकर आत्मिक लाभ उठाना चाहिए।
संतमत सत्संग के अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मौके पर जयप्रकाश यादव, कैलाश यादव, शिक्षक सिद्धार्थ कुमार, रणवीर यादव, धर्मवीर यादव, मनोज यादव, मंटू डीलर, गोपाल यादव, रामप्रसाद यादव, कपिलदेव यादव, राधेश्याम साह, देवकुमार यादव, उत्कर्ष कुमार, सार्थक कुमार, अरुण यादव, गौरव कुमार, साहेब कुमार, चमकलाल मालाकार, चंद्रशेखर यादव, अमरजीत कुमार, श्रवण साह, रामचरित्र शर्मा, विजेंद्र पासवान, विलास साह सहित सैकड़ों सत्संगी उपस्थित रहे।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 0
Users Yesterday : 25