घर-घर अभियान से बढ़ा पंजीयन, अब सीएससी व वसुधा केंद्र पर निःशुल्क होगी फार्मर रजिस्ट्री
परबत्ता (खगड़िया) — सौढ़ उत्तरी पंचायत के विवाह भवन में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री शिविर में उल्लेखनीय सफलता मिली है। शिविर के दौरान 130 किसानों का किसान आईडी बनाया गया, जबकि 60 किसानों का ई-केवाईसी पूर्ण किया गया। किसानों के अधिक से अधिक पंजीयन और ई-केवाईसी को सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड स्तर पर पूरी ताकत झोंकी गई है।

राजस्व कर्मचारी अजय कुमार ने बताया कि बुधवार तक यह लक्ष्य हासिल किया गया है और शेष किसानों तक पहुंचने के लिए पंचायत कर्मी घर-घर जाकर पंजीयन और ई-केवाईसी कर रहे हैं। वहीं, कुछ कर्मी किसानों को फोन कर शिविर में बुलाकर रजिस्ट्री करवा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र किसान छूट न जाए।
बीएलओ (बूथ 254) शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने कहा कि किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी अत्यंत आवश्यक है। हालांकि, प्रक्रिया में कुछ व्यवहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं—जैसे पूर्वजों के नाम से जमाबंदी, जमाबंदी रसीद में नामों का अंतर और कभी-कभी सिस्टम एरर के कारण आईडी पासवर्ड खुलने में समस्या।
उन्होंने बताया कि अब किसानों के लिए राहत की खबर है—कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और वसुधा केंद्र के माध्यम से निःशुल्क फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी कराई जा सकती है। पहले इस सेवा के लिए ₹15 शुल्क लिया जाता था, जिसे सरकार ने समाप्त कर दिया है। अब किसानों को किसी भी तरह का शुल्क नहीं देना होगा।
जागरूकता बढ़ाने के लिए बीएलओ शिक्षक सिद्धार्थ कुमार (बूथ 254) और बीएलओ मोहम्मद शमशुल हक (बूथ 257) ने मोटरसाइकिल से साउंड सिस्टम के साथ वार्ड 10, 11, 12, 13, तथा दुधैला और कोरचक्का के वार्ड 7, 8, 9 में सघन दौरा कर किसानों से संपर्क किया।
साथ ही, पंचायत की मुखिया संजना कुमारी और मुखिया प्रतिनिधि उमेश कुमार सिंह द्वारा ई-रिक्शा से लाउडस्पीकर प्रचार लगातार किया जा रहा है।
शिविर में राजस्व कर्मी, किसान सलाहकार, बीएलओ, विकास मित्र, जीविका कर्मी और पंचायत प्रतिनिधियों की टीम ने समन्वय के साथ काम किया, जिससे पंजीयन की रफ्तार तेज हुई और किसानों को मौके पर ही सहायता मिली।
ब्यूरो रिपोर्ट ,दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 25
Users Yesterday : 55