दबंग पुलिसकर्मियों पर कसी नकेल, दुर्व्यवहार पर सख्त एक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद निलंबन से लेकर लाइन हाजिर तक कार्रवाई, डीजीपी का साफ संदेश

पटना। फील्ड में दबंगई दिखाने वाले पुलिसकर्मियों पर अब सख्ती बढ़ा दी गई है। बीते पखवारे करीब आधा दर्जन ऐसे मामले सामने आए, जिनमें बिहार पुलिस के अफसरों और जवानों का आम जनता के साथ दुर्व्यवहार सुर्खियों में रहा। इन घटनाओं के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की छवि पर सवाल उठे, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय ने निलंबन से लेकर लाइन हाजिर तक की कार्रवाई कर कड़ा संदेश दिया है।

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि किसी भी स्तर पर दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल निलंबन और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा बनाए रखने और अनुशासन सुदृढ़ करने के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से कई निर्देश भी जारी किए गए हैं। बीते वर्ष थानों में दलालों की एंट्री रोकने के लिए विजिटर रजिस्टर में आगंतुकों का विवरण दर्ज करना अनिवार्य किया गया था।

डीजीपी के आदेश में ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है। कई मामलों में जवानों और अफसरों को ड्यूटी के समय मोबाइल पर रील्स देखते या चैटिंग करते देखा गया था। इसके अलावा सभी पुलिसकर्मियों को सरकारी नंबर के व्हाट्सएप प्रोफाइल पर वर्दी वाली तस्वीर लगाने का निर्देश भी दिया गया है।

हाल के मामलों में नालंदा में थरथरी थानाध्यक्ष द्वारा आंगनबाड़ी सेविका से मारपीट का वीडियो वायरल होने पर निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई। पटना के बिहटा में महिला दारोगा द्वारा थप्पड़ मारने के मामले में लाइन हाजिर किया गया। नीट छात्रा मामले में लापरवाही पर दो थाना प्रभारियों को निलंबित किया गया, जबकि सारण में नशे की हालत में महिला परिचारी से दुर्व्यवहार करने वाले पीटीसी जवान को हिरासत में लेकर निलंबन की कार्रवाई हुई। दरभंगा में भी गलत दिशा में जा रही कार के ड्राइवर से मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद जांच शुरू की गई है।

इन लगातार कार्रवाइयों से पुलिस मुख्यालय ने साफ कर दिया है कि वर्दी में अनुशासन और मर्यादा से समझौता नहीं किया जाएगा और आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।

रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, पटना 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083587
Users Today : 9
Users Yesterday : 25