घर की बिजली कटी तो घबराएं नहीं, एक फोन पर मिलेगी राहत

बिजली बिल पर दर्ज फ्यूज कॉल सेंटर नंबर पर करें शिकायत, तुरंत बहाल होगी आपूर्ति

पटना। सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ (ईज ऑफ लिविंग) के तहत बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली विभाग ने एक महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की है। अब यदि आपके घर की बिजली अचानक कट जाती है, तो इसके लिए किसी दफ्तर के चक्कर लगाने या ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता सीधे अपने मोबाइल फोन से बिजली बिल पर अंकित हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

बिजली विभाग द्वारा अब हर बिजली बिल पर उपभोक्ता के क्षेत्र के फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर अंकित किया जा रहा है। बिजली आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना इस नंबर पर देने के बाद विभाग त्वरित कार्रवाई करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल करेगा। यह सुविधा घर बैठे शिकायत दर्ज कराने और तुरंत समाधान पाने में सहायक होगी।

साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के गया सर्कल के विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. संदीप प्रकाश ने बताया कि राज्य सरकार और बिहार विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि बिजली बिल के सबसे नीचे बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायत हेतु फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर अंकित किया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। उपभोक्ता अपने घर, पड़ोस या गांव में बिजली कटौती की सूचना इसी नंबर पर दे सकते हैं।

उन्होंने बताया कि गया जिले में उपभोक्ताओं के लिए कुल नौ फ्यूज कॉल सेंटर कार्यरत हैं। बिजली आपूर्ति से जुड़ी सभी शिकायतें इन्हीं केंद्रों पर दर्ज की जाती हैं। अब जब उपभोक्ताओं को उनके क्षेत्र का फ्यूज कॉल सेंटर नंबर सीधे बिजली बिल पर उपलब्ध रहेगा, तो शिकायत दर्ज कराना और भी आसान हो जाएगा।

उल्लेखनीय है कि बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के उद्देश्य से सात निश्चय-3 के कार्यक्रम लागू किए गए हैं। ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उन्हें बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, पटना

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083664
Users Today : 30
Users Yesterday : 28