महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा

कार्य स्थगन प्रस्ताव को लेकर विपक्ष का विरोध, पोस्टर और पुतला लेकर पहुंचे विधायक

पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के छठवें दिन मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। माले विधायक ने कहा कि विपक्ष एकजुट होकर कार्य स्थगन प्रस्ताव लेकर आया है और सभी मुद्दों को दरकिनार कर महिला उत्पीड़न के मामलों पर चर्चा कराई जानी चाहिए।

हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शल को बुलाकर पोस्टर हटाने का निर्देश दिया। अध्यक्ष ने विपक्ष से कहा कि उन्हें शून्यकाल में मुद्दा उठाने का अवसर मिलेगा।

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री ने सदन में कहा कि विपक्ष नारे लगाकर मुख्यमंत्री से जवाब मांग रहा है, जबकि इसकी एक निर्धारित प्रक्रिया है। विपक्ष को नियमावली के तहत सवाल उठाने चाहिए, सरकार हर सवाल का जवाब देने को तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि वे खुद उलझन में हैं—पहले बैठे, फिर अचानक उठकर चले गए, जिससे उनका आचरण भी भ्रम की स्थिति दर्शाता है।

इधर, चनपटिया से कांग्रेस विधायक बिहार सरकार का पुतला लेकर सदन पहुंचे। पुतले पर हालिया अपराधों की सूची चस्पा की गई थी, उसे चूड़ियां पहनाई गई थीं और पोस्टर लगाया गया था, जिसमें लिखा था— “माफी चाहते हैं, हम बिहार की बेटियों को न्याय नहीं दिला पा रहे।”

सोमवार को विधान परिषद में मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के बीच हुई तीखी बहस पर पूर्व मंत्री श्याम रजक ने टिप्पणी करते हुए इसे “देवर-भौजाई का मामला” बताया और कहा कि विपक्ष के पास ठोस मुद्दे नहीं हैं, केवल सुर्खियों में रहने की कोशिश हो रही है।

वहीं दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दोपहर 12 बजे विधानसभा पहुंचने का कार्यक्रम है। मुख्य द्वार पर सत्तारूढ़ दल के सभी सचेतक उनका स्वागत करेंगे और उसके बाद उन्हें सदन में लाया जाएगा।

रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, पटना 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083664
Users Today : 30
Users Yesterday : 28