बुलडोजर चला… फिर लौटा अतिक्रमण! गोगरी नगर परिषद में अभियान बना मजाक?

कार्रवाई के कुछ ही दिनों बाद फिर जाम, नाले पर कब्जा—प्रशासन पर उठे तीखे सवाल

खगड़िया। गोगरी नगर परिषद क्षेत्र में बड़े जोर-शोर से चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान अब सवालों के घेरे में है। कुछ दिन पहले तक बुलडोजर की गर्जना और सख्ती की तस्वीरें चर्चा में थीं, लेकिन आज हालात फिर से पहले जैसे नजर आ रहे हैं। सड़क किनारे अवैध कब्जे, नालों पर दोबारा अतिक्रमण और बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने अभियान के दौरान सख्ती जरूर दिखाई, कई दुकानों और ठेलों को हटाया गया, जुर्माना भी वसूला गया, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब फिर वही दुकानें, वही कब्जे और वही अव्यवस्था लौट आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इस पूरे अभियान से प्रशासन को क्या हासिल हुआ?

बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों का कहना है कि कार्रवाई के नाम पर केवल अस्थायी दबाव बनाया गया, लेकिन निगरानी और फॉलो-अप की कमी के कारण अतिक्रमण दोबारा पनप गया। मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या पहले की तरह बनी हुई है, जिससे आम राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी दीपक कुमार ने पहले स्पष्ट कहा था कि अतिक्रमण पर प्रशासन की पैनी नजर है और दोबारा कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या प्रशासन दोबारा सख्त कदम उठाएगा या फिर यह अभियान केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।

फिलहाल गोगरी की जनता जवाब चाहती है—क्या अतिक्रमण हटाओ अभियान सिर्फ दिखावा था या वाकई स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई होने वाली है? आने वाले दिनों में प्रशासन की अगली कार्रवाई ही इस सवाल का जवाब देगी।

रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083630
Users Today : 24
Users Yesterday : 28