सुपौल में कृषि उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं पर मंथन

डीएम सावन कुमार की अध्यक्षता में लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

सुपौल। जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में कृषि एवं सम्बद्ध विभागों के उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं पर जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य सुपौल जिले में उत्पादित कृषि एवं उद्यानिक फसलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना था।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, जिला कृषि पदाधिकारी, वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान कृषि विज्ञान केन्द्र राघोपुर, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, अग्रणी बैंक प्रबंधक, परियोजना निदेशक ‘आत्मा’, जिला प्रबंधक जीविका, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला कृषि विपणन पदाधिकारी, राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के जिला प्रबंधक सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रगतिशील कृषकों ने भाग लिया।

डीएम सावन कुमार ने कहा कि सुपौल जिले के किसान मखाना, राजमा, मक्का, फल, सब्जी एवं अन्य उद्यानिक फसलों का गुणवत्तापूर्ण उत्पादन करें, ताकि जिले में उत्पादित वस्तुओं का निर्यात दूसरे राज्यों एवं विदेशों तक किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और विपणन सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर कृषि एवं प्रसंस्करण खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA), बिहार, पटना के क्षेत्रीय पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने निर्यात की प्रक्रिया, गुणवत्ता मानक, पंजीकरण, पैकेजिंग, प्रमाणन एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि उचित मार्गदर्शन और मानकों के पालन से सुपौल के उत्पाद वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बना सकते हैं।

कार्यशाला में किसानों को निर्यात से जुड़ी संभावनाओं, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता के विकल्पों की जानकारी दी गई, ताकि जिले की कृषि अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा सके।

रिपोर्ट: पप्पू आलम, दैनिक बिहार पत्रिका 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083588
Users Today : 10
Users Yesterday : 25