लोदीपुर थाना क्षेत्र की घटना, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
भागलपुर। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बायपास सड़क पर टोल प्लाजा के समीप शनिवार को कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रीमियम बाइक पर सवार दोनों युवक जीरोमाइल की ओर जा रहे थे, जबकि कार सुल्तानगंज की दिशा से आ रही थी।
बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी। टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक लगभग दस से पंद्रह फीट दूर जा गिरे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। डायल 112 की टीम और लोदीपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे उन्हें सिर में गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
रिपोर्ट: विकास शर्मा , दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 4
Users Yesterday : 24