मधेपुरा में सिगरेट मांगने पर विवाद, दुकानदार को गोली मारकर बदमाश फरार

कॉलेज चौक के पास देर रात वारदात, हालत गंभीर; पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही

दैनिक बिहार पत्रिका , मधेपुरा । मधेपुरा शहर के कॉलेज चौक पेट्रोल पंप से पूरब इलाके में मंगलवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक किराना दुकानदार को गोली मार दी। सिगरेट व गुटखा नहीं देने पर बदमाशों ने दुकानदार के मुंह में गोली दाग दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घायल की पहचान मधेपुरा निवासी 35 वर्षीय पिंटू केशरी, पिता हरिहर केशरी, के रूप में हुई है। वे टीपी कॉलेज के पास पिछले 12 वर्षों से किराना दुकान चला रहे हैं। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12 बजे वह दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी में थे, तभी बाइक सवार अपराधी पहुंचे और सिगरेट व गुटखा की मांग की। दुकान बंद होने की बात कहकर मना करने पर कहासुनी हुई और गुस्साए अपराधियों ने नजदीक से गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

घटना के समय दुकान पर उनके भाई पप्पू केशरी और स्टाफ शाहनवाज भी मौजूद थे। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सहरसा रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली निकाल दी गई है, लेकिन उनकी स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।

अनुमंडल पुलिस अधिकारी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि रात करीब 12 बजे बाइक सवार अपराधियों ने पहले सिगरेट और गुटखा की मांग की थी। मना करने पर विवाद हुआ और गोली चला दी गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।

घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है। उन्होंने देर रात सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। शहर के व्यस्त इलाके में इस वारदात ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083587
Users Today : 9
Users Yesterday : 25