बिहार पुलिस सप्ताह के तहत यात्रियों को नशाखोरी व नशाखुरानी गिरोह से सावधान रहने की अपील
दैनिक बिहार पत्रिका , खगड़िया। बिहार पुलिस सप्ताह के तहत 22 फरवरी से 27 फरवरी तक चल रहे जन-जागरूकता अभियान के क्रम में शनिवार को मानसी रेलवे स्टेशन परिसर में नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
मानसी रेल थानाध्यक्ष रवि भूषण की अध्यक्षता में प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 एवं 3 पर आयोजित इस अभियान के दौरान यात्रियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर नशा मुक्त भारत के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेम कुमार यशवंत ने यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि अभिभावकों को यह तय करना होगा कि वे अपने बच्चों को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं। यदि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और समृद्धि की ओर अग्रसर करना है तो स्वयं को भी नशे से दूर रखना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही मार्ग दिखाने से पहले माता-पिता को स्वयं अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
संतोष चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष कुमार ने यात्रियों को आगाह करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु ग्रहण न करें तथा नशाखुरानी गिरोह से सतर्क रहें।
अभियान में नशा मुक्त भारत के संस्थापक सदस्य मुरलीधर साह, सुदर्शन आर्य, मानसी रेल पुलिस कर्मी महेश कुमार चौहान, मो. रईश, कृष्ण ठाकुर, मीनू कुमारी, मनीषा कुमारी, अनिता कुमारी सहित अन्य रेल कर्मी एवं सैकड़ों यात्री उपस्थित रहे।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"









Users Today : 8
Users Yesterday : 24