Murder Case: खगड़िया (बेलदौर)। जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिघौन पंचायत के मेहता बासा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर ददरौजा पुल के नीचे फेंककर फरार हो गया।
बुधवार सुबह जब पशुपालक मवेशियों के साथ उक्त स्थल पर पहुंचे तो कीचड़ में औंधे मुंह पड़े महिला के शव को देखकर शोर मचाया। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। सूचना मिलते ही बेलदौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया।
मृतका की पहचान मेहता बासा निवासी मु. तालिम की पत्नी शिफत खातून के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतका के पिता मु. इंसान चोढ़ली (मिन्नत नगर) के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि पांच वर्ष पूर्व उनकी बेटी की शादी मु. तालिम से हुई थी। हाल ही में दोनों चेन्नई से ईद मनाने घर आए थे और रविवार को मेहता बासा लौटे थे।
परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम शिफत खातून ने दांत दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद पति दवा लेकर घर पहुंचा और साजिश के तहत धारदार हथियार से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव को घर से दूर पुल के नीचे फेंक दिया गया।
मृतका की मां शहजादी खातून ने बताया कि उनकी बेटी छह माह की गर्भवती थी, जिससे घटना और भी हृदयविदारक हो गई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना पति द्वारा ही अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। आरोपी पति फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"







Users Today : 10
Users Yesterday : 25