समस्तीपुर: जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरज गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां करेह नदी में नहाने के दौरान तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मृतकों की पहचान आदित्य (17), हर्षित (15) और कार्तिक (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों भाई अपने पिता सुदर्शन कुमार झा के साथ बरियाही घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक भाई गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अन्य दो भाइयों ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण तीनों खुद को संभाल नहीं सके और एक-एक कर डूब गए।
पिता सुदर्शन कुमार झा ने अपनी आंखों के सामने अपने तीनों बेटों को डूबते देखा और उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। प्रभारी अंचल अधिकारी मनीष चौधरी, बीडीओ आलोक कुमार सिंह तथा शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पहले आदित्य और हर्षित को बाहर निकाला गया, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, सबसे छोटे भाई कार्तिक का शव करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि सुदर्शन कुमार झा दिल्ली में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं और उनके तीनों बेटे वहीं पढ़ाई करते थे। परिवार हर वर्ष की तरह इस बार भी मनाने गांव आया था। सोमवार को ही गांव के हनुमान मंदिर में ध्वजारोहण का कार्यक्रम हुआ था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह दुखद हादसा हो गया, जिससे पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना के बाद पूरे बोरज गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सरकारी सहायता का आश्वासन:
प्रभारी सीओ मनीष कुमार ने बताया कि प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर सरकारी प्रावधान के तहत सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। तीनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मंगलवार को तीनों भाइयों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, समस्तीपुर
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com






Users Today : 1
Users Yesterday : 64