खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचलाधिकारी कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी ने की। शिविर दोपहर दो बजे तक चला, जिसमें विभिन्न पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे।
जनता दरबार में कुल पांच आवेदन प्राप्त हुए। सभी मामले जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण एवं अन्य भूमि संबंधी विवादों से जुड़े थे। अंचलाधिकारी ने एक-एक मामले की गंभीरता से सुनवाई की और संबंधित पक्षों से जानकारी ली।
सुनवाई के दौरान दो मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष तीन मामलों में आवश्यक कागजातों की जांच और दोनों पक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के बाद अगली जनता दरबार में सुनवाई करने का निर्णय लिया गया।
अंचलाधिकारी दीपक कुमार ने राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार को निर्देश देते हुए कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का निष्पक्ष एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनता दरबार में अंचल कार्यालय के कर्मियों, राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सहित कई फरियादी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार में पहुंचकर आवेदन दें, ताकि समय पर मामलों का निपटारा किया जा सके।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"









Users Today : 9
Users Yesterday : 24