डॉ. सीमा शर्मा ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
शेरघाटी (गया)। दैनिक बिहार पत्रिका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की सफलता को लेकर गयाजी पश्चिमी जिला भाजपा की ओर से रविवार को शेरघाटी में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा महिला मोर्चा, बिहार प्रदेश की प्रदेश मंत्री डॉ. सीमा शर्मा ने शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल तथा गुरुआ विधायक उपेंद्र प्रसाद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गयाजी पश्चिमी भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चिंटू ने की। इस अवसर पर जिला महामंत्री संजीव पाठक, सिद्धनाथ मिश्रा सहित पार्टी के कई वरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ. सीमा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणादायी यात्रा है। उनके सेवा भाव से प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को जनसेवा के कार्यों को और व्यापक बनाना है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। इसके माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचकर विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने कार्यकर्ताओं से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान में पूरी ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा को अपना संकल्प बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनकल्याण के कार्यों को गति दे।
उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और जनसेवा की भावना भाजपा की प्रमुख शक्ति है। गयाजी पश्चिमी जिले के कार्यकर्ता एकजुट होकर ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।










