
व्यवसायी एकता, सुरक्षा और समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर; समिति को पारदर्शी-जवाबदेह बनाने के साथ हर समय उपलब्ध रहने का संकल्प, समर्थकों ने तेज किया जनसंपर्क
बौंसी/बांका:- व्यवसायी कल्याण समिति के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बौंसी के व्यवसायी समुदाय में सरगर्मी बढ़ने लगी है। अध्यक्ष पद के लिए सुमित सुमन उर्फ सोनू चौधरी के समर्थन में प्रबुद्ध एवं युवा व्यवसायियों के बीच जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। समर्थक व्यवसायियों से संपर्क कर उनके पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। चुनावी गतिविधियों के बीच सोनू चौधरी के समर्थकों ने व्यवसायियों की एकता, सम्मान, सुरक्षा और व्यापारिक हितों की रक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया है। उनका कहना है कि समिति ऐसी होनी चाहिए, जहां प्रत्येक छोटे-बड़े व्यवसायी की समस्या सुनी जाए और उसके समाधान के लिए प्रभावी तरीके से पहल हो।
पारदर्शी और जवाबदेह समिति बनाने पर जोर
समर्थकों के अनुसार सोनू चौधरी की प्राथमिकता व्यवसायी कल्याण समिति को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, सक्रिय और प्रभावी बनाना है। व्यवसायियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने, जरूरत पड़ने पर उनके व्यापारिक हितों की मजबूती से पैरवी करने और सभी व्यवसायियों को साथ लेकर चलने की प्रतिबद्धता उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल है। इसके साथ ही व्यवसायियों के लिए हर समय उपलब्ध रहने, सुरक्षा एवं सकारात्मक व्यापारिक वातावरण बनाने और नकारात्मक राजनीति से दूर रहकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प भी सामने रखा गया है।
सामाजिक सरोकारों को भी एजेंडे में जगह
व्यवसायी हितों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है। समर्थकों के मुताबिक पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण एवं जागरूकता अभियान, स्वच्छता अभियान, शैक्षणिक गतिविधियों में सहयोग, नेत्र जांच एवं नेत्रदान जागरूकता, रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर जैसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की योजना है। जरूरतमंद परिवारों की सहायता, आपदा के समय राहत कार्य तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने को भी प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
हर व्यवसायी की आवाज बने समिति
समर्थकों का कहना है कि मौजूदा समय में व्यवसायी समुदाय को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि लगातार व्यवसायियों के बीच मौजूद रहे। उनकी समस्याएं सुने, समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करे और आवश्यकता पड़ने पर व्यवसायियों की आवाज मजबूती से उठाए। इसी एजेंडे के साथ समर्थकों ने बौंसी के व्यवसायी समुदाय से सुमित सुमन उर्फ सोनू चौधरी के पक्ष में मतदान की अपील की है। चुनावी गतिविधियां तेज होने के साथ अब व्यवसायी कल्याण समिति के अध्यक्ष पद की चुनावी सरगर्मी भी बढ़ती दिखाई दे रही है।








