
खगड़िया। मारर दक्षिणी पंचायत के पूर्व मुखिया एवं वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि मो. मजहर अली का बीमारी के कारण पटना स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान आज शाम करीब 6 बजे इंतकाल हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पंचायत और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि पिछले दिनों तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए पटना ले गए थे। मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
मो. मजहर अली को गांव में एक बेबाक, साहसी और निर्भीक व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। पंचायत से जुड़े सामाजिक मामलों में उनकी सक्रिय भूमिका रहती थी। गांव में बड़े से बड़े विवाद या सामाजिक मसले को लोगों को एक जगह बैठाकर बातचीत के माध्यम से सुलझाने में वे अहम भूमिका निभाते थे।
मारर दक्षिणी पंचायत में सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। दो समुदायों की आबादी वाले इस गांव में जब कभी बाहरी स्तर पर नफरत या तनाव का माहौल बनने की आशंका होती थी, तब वे विभिन्न समुदायों के जिम्मेदार लोगों को साथ बैठाकर गांव के पारंपरिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की पहल करते थे।
उनके निधन से पंचायत ने एक अनुभवी और जिम्मेदार सामाजिक व्यक्ति खो दिया है। उनके निधन पर स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


Khagaria News: मारर दक्षिणी पंचायत







