
गोगरी (खगड़िया)। अनुमंडल हिंदी भाषा साहित्य परिषद गोगरी के तत्वावधान में हिंदी दिवस के अवसर पर रजिस्ट्री मोड़ स्थित दुर्गा स्थान के प्रांगण में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यप्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों की मौजूदगी में कवियों ने अपनी रचनाओं की शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीसीएलआर गोगरी राजकुमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि राजस्व पदाधिकारी गोगरी सुजीत कुमार, सुरेश कुमार यादव, राजकिशोर यादव, प्रखंड प्रमुख अशोक पंत, नगर परिषद गोगरी-जमालपुर के उपसभापति राजेश कुमार पंडित एवं सेवानिवृत्त शिक्षक योगेंद्र चौधरी समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित उग्रमोहन झा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद आगत कवियों एवं मुख्य अतिथियों को पुष्पमाला और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कवि सम्मेलन का शुभारंभ डॉ. स्वराक्षी स्वरा की सरस्वती वंदना “मैं पुजारन हूं तुम्हारी शारदे” से हुआ।
मंच संचालन डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने प्रभावी एवं सारगर्भित अंदाज में किया। दरभंगा से पहुंचे कवि विनोद कुमार हंसौरा ने अपनी प्रस्तुति से विशेष छाप छोड़ी। इसके अलावा शंकरानंद, शशि शेखर, डॉ. स्वराक्षी स्वरा, पूजा श्रीवास्तव, कंचन नंदन हर्ष, अभिराज आनंद, कामरान अल्वी, डॉ. सोहन कुमार सिन्हा, सुरेश यादव, डॉ. पुष्पा मिश्रा, योगेंद्र चौधरी एवं डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति से श्रोताओं को खूब प्रभावित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं कवियों ने हिंदी को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए इसे आम जनमानस की भाषा और राष्ट्रीय धरोहर बताया। कवियों की प्रस्तुतियों के बीच श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
कार्यक्रम में बाल कवि शीर्ष मिश्रा ने भी अपनी जोरदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति की वरिष्ठ अधिकारियों सहित उपस्थित लोगों ने सराहना की। अतिथियों ने कहा कि इस तरह के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहने चाहिए। इससे समाज में साहित्यिक चेतना के साथ सांस्कृतिक उन्नति को भी बढ़ावा मिलता है।
मौके पर डॉ. मुरारी यादव, नीरज कुमार, वरीय अधिवक्ता अनंत प्रसाद, नंदकिशोर मंडल, त्रिभुवन कुमार, पत्रकार दीपक उपाध्याय, नलिनेश सिन्हा, अमर सिंह, जहीर आलम, सरपंच परमानंद प्रसाद, नवलकिशोर सिंह, अधिवक्ता प्रेम शंकर मिश्र, वार्ड सदस्य राकेश कुमार, करुणेश मिश्रा, मनोज कुमार मिश्रा, डॉ. रवि कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।











