
विश्व पर्यटन दिवस पर ‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान, ग्रामीणों ने लिया स्वच्छ एवं हरा-भरा गांव बनाने का संकल्प
फुल्लीडुमर/बांका:- स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को फुल्लीडुमर प्रखंड की कैथा पंचायत में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान और विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिम्मेदार पर्यटन और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा ‘एक पौधा माँ के नाम’ थीम के तहत किया गया सघन पौधरोपण। पंचायत स्तर पर आयोजित इस अभियान की अगुवाई कैथा पंचायत के मुखिया ने की। पौधरोपण के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता और पर्यटन का सीधा संबंध
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के पर्यटन विकास में स्वच्छ और सुंदर वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्वच्छ सार्वजनिक स्थल, हरियाली और बेहतर नागरिक व्यवहार न केवल पर्यावरण के लिए उपयोगी हैं, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता और आकर्षण को भी बढ़ाते हैं। इसी संदेश के साथ ग्रामीणों से अपने आसपास के स्थानों को साफ रखने, कचरे को इधर-उधर नहीं फेंकने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।

जीविका दीदियों से लेकर पंचायत कर्मी तक रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रशासनिक और पंचायत स्तर के कर्मियों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की भागीदारी रही। जीविका की ओर से प्रखंड परियोजना प्रबंधक, कम्युनिटी मोबिलाइजर और जीविका दीदियां मौजूद रहीं। इसके अलावा आवास सहायक, विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, स्वच्छता पर्यवेक्षक और स्वच्छता कर्मियों ने भी अभियान में भाग लिया। स्थानीय वार्ड सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधरोपण कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई।
स्वच्छ और हरे-भरे क्षेत्र का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और अपने-अपने क्षेत्रों को कचरा मुक्त एवं हरा-भरा रखने का संकल्प लिया। पौधरोपण को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से “स्वच्छ बांका, स्वस्थ बांका, सुंदर बांका” का उद्घोष किया। कैथा पंचायत में आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन के बीच संबंध को लेकर ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सामूहिक पहल के रूप में सामने आया।


BANKA NEWS: कैथा पंचायत में








