
ओढ़नी व बदुआ डैम पर चला सफाई अभियान, मानव श्रृंखला के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश; जिलेभर में ‘एक पौधा माँ के नाम’
बांका:- विश्व पर्यटन दिवस और ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अवसर पर रविवार को बांका जिले में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन को लेकर व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जहां स्वच्छता कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया, वहीं विभिन्न पंचायतों में ‘एक पौधा माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को साफ-सुथरा रखने के साथ-साथ आम लोगों में पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
ओढ़नी डैम पर श्रमदान और मानव श्रृंखला
बांका प्रखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल ओढ़नी डैम पर विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले की विभिन्न पंचायतों से जुड़े स्वच्छता कर्मियों और स्वच्छता पर्यवेक्षकों ने डैम परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान करते हुए सफाई अभियान चलाया।
सफाई अभियान के बाद स्वच्छता कर्मियों और पर्यवेक्षकों ने मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को कचरा मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया गया।
बदुआ डैम पर भी चला व्यापक सफाई अभियान
इधर चांदन प्रखंड के बदुआ डैम में भी वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता कर्मियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर डैम परिसर तथा जलाशय के आसपास सफाई की। अभियान के दौरान प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया। लोगों से अपील की गई कि पर्यटन स्थलों पर भ्रमण के दौरान कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
जिलेभर में ‘एक पौधा माँ के नाम’
विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ‘एक पौधा माँ के नाम’ थीम के तहत सघन पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जीविका दीदियां, बीपीएम, आवास सहायक, विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, स्वच्छता पर्यवेक्षक, स्वच्छता कर्मी और ग्रामीणों ने भाग लिया। लोगों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण और पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान यह संदेश दिया गया कि पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है।
स्वच्छ पर्यटन, सुरक्षित पर्यावरण का संदेश
जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यटन और स्वच्छता के बीच संबंध को भी रेखांकित किया गया। प्रशासनिक और पंचायत स्तर पर लोगों को बताया गया कि किसी भी पर्यटन स्थल की सुंदरता बनाए रखने में स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। ओढ़नी डैम से लेकर बदुआ डैम तक सफाई अभियान और जिले के विभिन्न हिस्सों में पौधरोपण के जरिए एक साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों के समापन पर लोगों ने सामूहिक रूप से “स्वच्छ बांका, स्वस्थ बांका, सुंदर बांका” का संकल्प लिया। विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित यह अभियान पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने, हरियाली बढ़ाने और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को प्रोत्साहित करने की दिशा में जिलेभर में चलाया गया एक व्यापक जनभागीदारी कार्यक्रम रहा।


BANKA NEWS: विश्व पर्यटन दिवस








