खगड़िया/परबत्ता/पसराहा/कोसी नदी पर बना वीरवास-कपसिया पीपा पुल करीब तीन महीने बाद एक बार फिर आवागमन के लिए तैयार हो गया है। नदी का जलस्तर घटने के बाद पुल को चालू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उम्मीद है कि मंगलवार शाम तक इस पुल से वाहनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। पुल के चालू होने की खबर से आसपास के गांवों के लोगों और किसानों में खुशी है।
बताया जाता है कि कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण करीब तीन महीने पहले पीपा पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया था। इसके चलते स्थानीय लोगों और किसानों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा था। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों अधिक खर्च हो रहा था।
अब पुल के दोबारा चालू होने से वीरवास, कपसिया सहित आसपास के गांवों के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने और कृषि कार्यों के लिए आवागमन में आसानी होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीपा पुल चालू होने से क्षेत्र की दूरी कम होगी और रोजमर्रा के कामकाज में राहत मिलेगी। लंबे इंतजार के बाद पुल शुरू होने से इलाके में आवागमन की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार।


तीन महीने बाद फिर शुरू








