खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध अगुवानी गंगा घाट पर गुरुवार को विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। गंगा घाट पर आस्था और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घाट के विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो। पुलिसकर्मी लगातार घाट पर आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बरती जा रही थी।
वहीं, परबत्ता बाजार में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गई थी। बाजार के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की सक्रियता देखी गई। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखना और शांति व्यवस्था कायम रखना था।
गंगा स्नान को लेकर आसपास के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। सुबह से ही घाट पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
कुल मिलाकर अगुवानी गंगा घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा, वहीं प्रशासनिक सतर्कता के बीच गंगा स्नान का सिलसिला शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार।


परबत्ता अगुवानी गंगा घाट पर









