खगड़िया/जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र में गुरुवार अहले सुबह करीब दो बजे प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक चौकीदार और एक महिला की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट की घटना में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार अहले सुबह करीब दो बजे कथित प्रेम-प्रसंग के मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने चौकीदार और महिला को घेर लिया। इसके बाद दोनों के साथ जमकर मारपीट की गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना किसी स्थानीय व्यक्ति ने डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अपने साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), परबत्ता ले गई। जहां दोनों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. हरिन्दन कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
इधर, मामले को लेकर परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। महिला का बयान आने के बाद मामले में आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, पुलिस की जांच और महिला के बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम तथा मारपीट के कारणों की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता


परबत्ता प्रेम-प्रसंग के विवाद में









