खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की डिक्की से ढाई लाख रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटिहार जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जुरावगंज गांव निवासी छेदी लाल यादव उर्फ उत्तर यादव के पुत्र मुकेश यादव उर्फ मुकेश बांगरा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 3 नवंबर 2026 को डुमरिया बुजुर्ग गांव निवासी राजीव कुमार ने परबत्ता बाजार स्थित स्टेट बैंक से ढाई लाख रुपये निकाले थे। रुपये को अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर वे बाजार स्थित एक हार्डवेयर दुकान के सामने वाहन खड़ा कर सामान खरीदने लगे। इसी दौरान दिन करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने मोटरसाइकिल की डिक्की से रुपये गायब कर दिए।
घटना के बाद पीड़ित ने परबत्ता थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की। अनुसंधान के क्रम में DIU खगड़िया की टीम और परबत्ता थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 नवंबर की सुबह आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।



