खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के छोटी लगार गांव से पत्नी के दो बच्चों के साथ घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए महिला और दोनों बच्चों को मधेपुरा जिले से बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, छोटी लगार वार्ड संख्या-8 निवासी नारद यादव (37) की शादी वर्ष 2017 में भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भथुरिया गांव निवासी उपेंद्र यादव की पुत्री वीणा देवी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें आठ वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार और छह वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी शामिल हैं।
पीड़ित पति के आवेदन के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर बिना किसी को बताए घर से चली गई। उस समय वह बंगाल में था। 13 अगस्त को मां से इसकी जानकारी मिलने पर उसने पत्नी से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन काट दिया गया। 18 अगस्त को घर लौटने पर उसे पता चला कि पत्नी दो लाख रुपये का लोन लेकर गई है। वहीं, इंस्टाग्राम पर उसे रंजीत कुमार नामक युवक से पत्नी की शादी करने की जानकारी मिली।
परबत्ता थानाध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि पति के लिखित आवेदन पर 7 सितंबर 2026 को कांड संख्या 353/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला समेत दोनों बच्चों को मधेपुरा जिले से बरामद कर लिया है।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार पंडित।



