*लगार में जमीन की नापी के दौरान प्रशासनिक टीम पर हुआ था हमला, 100 से अधिक लोगों की भीड़ पर मारपीट और पत्थरबाजी का आरोप*
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के लगार गांव में जमीन की नापी के दौरान तत्कालीन अंचल अधिकारी चंदन कुमार एवं पुलिसकर्मियों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी रितु दास को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी स्वर्गीय शिवाधीन दास का पुत्र है। परबत्ता थानाध्यक्ष ओम प्रकाश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि रितु दास इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।
मामला 22 जून 2023 का है। तत्कालीन अंचल अधिकारी चंदन कुमार के आवेदन के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी के आदेश पर लगार मौजा में जमीन की नापी कराई जा रही थी। इस दौरान कुछ लोगों ने नापी कार्य में बाधा डालते हुए अंचल अधिकारी, राजस्व कर्मियों और अंचल अमीन के साथ दुर्व्यवहार किया। बाद में पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा नापी शुरू कराई गई, लेकिन दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने प्रशासनिक टीम को घेर लिया।
आवेदन में आरोप लगाया गया था कि भीड़ ने अंचल अधिकारी के साथ मारपीट की तथा उनके पास रखे 1750 रुपये और नापी आदेश की छायाप्रति छीन ली। हमले में अंचल अधिकारी के सिर और हाथ में चोट आई थी। वहीं, एएसआई अशोक मंडल की वर्दी फाड़ने का प्रयास करने और पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर से हमला करने का भी आरोप लगाया गया था। जान बचाने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिसकर्मियों को प्राथमिक कन्या विद्यालय लगार में शरण लेनी पड़ी थी।
इस मामले में परबत्ता थाना कांड संख्या 282/23 दर्ज किया गया था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार पंडित।



